पहाड़ी गिरी, एक की मौत, एक गम्भीर घायल
-रघुवीर नेगी/जोशीमठ
चमोली/जोशीमठ। दो दिनों से जारी बारिश के बीच नेशनल हाईवे समेत लिंक मोटर मार्गों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला भी कम नहीं हो रहा है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई है जबकि एक गम्भीर घायल हो गया है। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया जहां घायल का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जोशीमठ क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। जोशीमठ के हेलंग नामक स्थान से एचसीसी पाॅवर प्रोजेक्ट की ओर जा रहे मजदूर की बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर तरूण तोक में पहाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना सुबह साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। मृतक मोहन प्रसाद नौटियाल पुत्र स्व. तोताराम उम्र 32 वर्ष बडगिनडा गांव जोशीमठ का रहने वाला है।