सड़कों को भूस्खलन से बचाने की नवीन तकनीकी का बनाया माॅडल, मिला इनाम
रूद्रप्रयाग। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डांगी-गुनाऊं विकासखंड मंदाकिनी-अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग की छात्रा कु. शालिनी ने परिवहन एवं संचार विषय पर एक विज्ञान माॅडल बनाया है। इसमें सड़कों को भूस्खलन से बचाने की नवीन युक्ति प्रदर्शित की गई है। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण में ध्यान रखने वाली सावधानियां भी दर्शायी गई है।
शिक्षक हेमंत चैकियाल के मार्ग-दर्शन में बनाए गए इस माॅडल को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है और इसका चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली विज्ञान माॅडल प्रतियोगिता हेतु भी हुआ है।
इस विशिष्ट एवं उपयोगी विषय पर उत्कृष्ट माॅडल बनाने के लिए जन अधिकार मंच द्वारा मेधावी छात्रा कु. शालिनी को 4 अगस्त 2019 को रुद्ररत्न सम्मान प्रदान किया है।